stephen hawking


स्टीफन हॉकिंग....

.
.
.
.
.
.
.
.
स्टीफन हॉकिंग मेरे लिये एक परीकथा के पात्र की तरह रहे, हमेशा रहस्यमय, सुपरनैचुरल पॉवर युक्त तीव्र आकर्षण का केंद्र। पर जिसने परीकथाओं से दुनिया को बाहर निकालकर ब्रह्मांड की विशालता और मनुष्यों की तुच्छता का एहसास कराया। आज उनका चला जाना एक अध्याय की समाप्ति भर है, अपने काम और उपलब्धियों से अमरत्व तो वे जीते जी प्राप्त कर ही चुके थे। 
stephen hawking( 1942-2018)

वे कहते थे हम एक औसत तारे के औसत ग्रह पर रह रही वानरों की उन्नत प्रजाति हैं। पर ख़ास इसलिये हैं कि ब्रह्मांड को समझ सकते हैं। उन्हें देखकर आश्चर्य होता था कि ब्रह्माण्ड के अनसुलझे रहस्यों की गुत्थियां इतनी सहजता से इतने सटीक तरीके से व्हीलचेयर पर बैठा एक शख्स कैसे खोले दे रहा है जो हिल डुल भी नहीं सकता, जिसने अपने शरीर की लगभग हर क्रिया पर से नियंत्रण खो दिया।
जो अपने गाल की मांसपेशी के ज़रिए, अपने चश्मे पर लगे सेंसर को कम्प्यूटर से जोड़कर कम्प्यूटर जेनरेटेड स्पीच द्वारा ही बातचीत कर पाता था, 21 वर्ष की उम्र में जिसे डॉक्टर्स ने 2-5 साल की उम्र की मोहलत बताई थी, वह छियत्तर वर्ष जीता है और क्या ख़ूब जीता है, हताश निराश अपाहिज की तरह नहीं, आइंस्टीन के बाद सबसे ज़्यादा ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक की तरह।

1963 में स्टीफन हॉकिंग जब सिर्फ 21 साल के थे, तब उन्हें Amyotrophic Lateral Sclerosis (ALS) नाम की बीमारी हो गई। इसके चलते उनके अधिकतर अंगों ने धीरे-धीरे काम करना बंद कर दिया था। इस बीमारी से पीड़ित लोग आमतौर पर 2 से 5 साल तक ही जिंदा रह पाते हैं, लेकिन वह 76 वर्ष जिये। वे कहते थे कभी-कभी मुझे आश्चर्य होता है कि क्या मैं अपनी व्हीलचेयर और विकलांगता के लिए उतना ही प्रसिद्ध हूँ जितना अपनी खोजों के लिए।

पर महज किस्मत का धनी या 'विलक्षण अद्वितीय क्षमताओं और शक्तियों से सम्पन्न' कहकर हम उनकी बुद्धिमत्ता, विज़न, कड़ी मेहनत, समर्पण और सबसे बड़ी बात उस जिजीविषा को खारिज नहीं कर सकते। स्टीफन विलियम हॉकिंग 76 वर्ष की उम्र में आज निधन हो गया (8 जनवरी 1942 - 14 मार्च 2018) एक विश्व प्रसिद्ध ब्रितानी भौतिक विज्ञानी,ब्रह्माण्ड विज्ञानी, लेखक और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में सैद्धांतिक ब्रह्मांड विज्ञान केन्द्र (Centre for Theoretical Cosmology) के शोध निर्देशक थे।

वे बेस्टसेलर बुक ' ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ टाइम : फ्रॉम बिग बैंग टु ब्लैक होल्स' के लेखक भी थे। 1974 में हॉकिंग ब्लैक होल्स की थ्योरी लेकर आए। इसे ही बाद में हॉकिंग रेडिएशन के नाम से जाना गया। हॉकिंग ने ही ब्लैक होल्स की लीक एनर्जी के बारे में बताया। प्रोफेसर हॉकिंग पहली बार थ्योरी ऑफ कॉस्मोलॉजी भी लेकर आए। इसे यूनियन ऑफ रिलेटिविटी और क्वांटम मैकेनिक्स भी कहा जाता है।इसके बाद कॉस्मोलॉजी पर आई उनकी पुस्तक की 1 करोड़ से ज्यादा प्रतियां बिकी थीं। इसे दुनिया भर में साइंस से जुड़ी सबसे ज्यादा बिकने वाली पुस्तक माना जाता है।

' ग्रैंड डिज़ाइन' और 'ब्लैक होल्स एंड बेबी यूनिवर्स' उनकी प्रसिद्ध पुस्तकें हैं। उन पर 2014 में थ्योरी ऑफ एवरीथिंगनामक फिल्म भी बन चुकी है। स्टीफ़न हॉकिंग ने ब्लैक होल और बिग बैंग सिद्धांत को समझने में अहम योगदान दिया है। उनके पास 12 मानद डिग्रियाँ हैं और अमरीका का सबसे उच्च नागरिक सम्मान उन्हें दिया गया है। उनका दृष्टिकोण उनका विज़न उन्हीं के इन कथनों में प्रतिध्वनित होता है-

"मैं बस एक बच्चा हूँ जो कभी बड़ा नहीं हुआ। मैं अभी भी ये कैसेऔर क्योंवाले सवाल पूछता रहता हूँ। कभी-कभार मुझे जवाब मिल जाता है।"

"काम आपको अर्थ और उद्देश्य देता है और इसके बिना जीवन अधूरा है।"

"मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मैंने ब्रह्माण्ड को समझने में अपनी भूमिका निभाई। इसके रहस्य लोगों के खोले और इस पर किये गये शोध में अपना योगदान दे पाया। मुझे गर्व होता है जब लोगों की भीड़ मेरे काम को जानना चाहती है।"

"ऊपर सितारों की तरफ देखो अपने पैरों के नीचे नहीं। जो देखते हो उसका मतलब जानने की कोशिश करो और आश्चर्य करो की क्या है जो ब्रह्माण्ड का अस्तित्व बनाये हुए है। उत्सुक रहो।"

"चाहे ज़िन्दगी जितनी भी कठिन लगे, आप हमेशा कुछ कुछ कर सकते हैं और सफल हो सकते हैं।"

"मैंने देखा है वो लोग भी जो ये कहते हैं कि सब कुछ पहले से तय है और हम उसे बदलने के लिए कुछ भी नहीं कर सकते, वे भी सड़क पार करने से पहले देखते हैं।"

"बुद्धिमत्ता बदलाव के अनुरूप ढलने की क्षमता है।"

"विज्ञान केवल तर्क का अनुयायी नहीं है, बल्कि रोमांस और जूनून का भी है।"

"यदि आप हमेशा गुस्सा या शिकायत करते हैं तो लोगों के पास आपके लिए समय नहीं रहेगा।"

"अन्य विकलांग लोगों के लिए मेरी सलाह होगी , उन चीजों पर ध्यान दें जिन्हे अच्छी तरह से करने से आपकी विकलांगता नहीं रोकती , और उन चीजों के लिए अफ़सोस नहीं करें जिन्हे करने में ये बाधा डालती है। आत्मा और शरीर दोनों से विकलांग मत बनें।"

"अतीत, भविष्य की तरह ही अनिश्चित है और केवल सम्भावनों के एक स्पेक्ट्रम के रूप में मौजूद है।"

"हम एक औसत तारे के छोटे से ग्रह पर रहने वाली बंदरों की एक उन्नत नस्ल हैं . लेकिन हम ब्रह्माण्ड को समझ सकते हैं। ये हमें कुछ ख़ास बनाता है "

"जब किसी की अपेक्षाएं घटकर शून्य रह जाती हैं, तभी वह सचमुच हर उस चीज की महत्ता समझ पाता है जो उसके पास है।"
"विज्ञान लोगों को गरीबी और बीमारी से निकाल सकता है। और इस तरह सामाजिक अशांति ख़त्म कर सकता है।"


                                                                                                         
                                                                                                        स्टीफन हॉकिंग को कृतज्ञ श्रद्धांजलि.. 


stephen hawking stephen hawking Reviewed by Riddhi Singh Rajput and admins on 9:36 AM Rating: 5

No comments:

Theme images by Jason Morrow. Powered by Blogger.